60 लाख लाभार्थियों को मुफ्त राशन, सीएम धामी ने गिनाई पीएमजीकेएवाई की उपलब्धियां
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) देश के करोड़ों जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा की मजबूत आधारशिला बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा अपने संदेश में कहा कि इस योजना के माध्यम से उत्तराखंड के 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब परिवार भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक राहत प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत की है। नियमित रूप से मुफ्त राशन मिलने से लाखों परिवारों के घरेलू खर्च में कमी आई है और उन्हें आर्थिक संबल मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि योजना का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने, राशन वितरण में पारदर्शिता लाने और पात्र लाभार्थियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण को केंद्र में रखकर संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना भी इसी सोच का परिणाम है, जिसने लाखों परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आगे भी केंद्र सरकार के सहयोग से गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती रहेगी, ताकि समावेशी विकास के लक्ष्य को गति मिल सके।
