केदारनाथ पैदल मार्ग पर भारी भूस्खलन, गौरीकुंड के पास मलबा-बोल्डर गिरने से यात्रा रोकी गई
रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को बड़ा भूस्खलन होने से पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। गौरीकुंड गेट से लगभग 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने के कारण यात्रा मार्ग बंद हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों की आवाजाही रोक दी। सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रशासन की ओर से मार्ग से मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। मशीनों और कर्मचारियों की मदद से रास्ता जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और यात्रा से संबंधित आधिकारिक अपडेट का पालन करें तथा प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद ही आगे की यात्रा करें। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
