श्रमिकों के कल्याण को सरकार की नई पहल, सीएम धामी ने शुरू की तीन जनकल्याणकारी योजनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रमवीरों के कल्याण और उनके समग्र उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन कर रही है। इसी क्रम में पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पोषण योजना, शिक्षा सामग्री योजना तथा योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना का शुभारंभ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सामग्री तथा योग एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है, जिससे श्रमिक परिवारों का सर्वांगीण विकास हो सके और उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिलें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी।
