मुख्यमंत्री धामी से पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने की भेंट
देहरादून। राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास और पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
भेंट के दौरान अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड कलजीखाल सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिविर में क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
अशोक वर्मा ने कलजीखाल जनसेवा शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी। रिपोर्ट में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी प्रमुख मांगों को शामिल करते हुए उनके शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “अंतिम व्यक्ति तक विकास” की नीति के तहत कार्य कर रही है और पिछड़ा वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
अशोक वर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें कलजीखाल जनसेवा शिविर की रिपोर्ट सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों पर चर्चा की।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
