रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, मुख्यमंत्री धामी और रेल मंत्री वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ

2
0 0
Read Time:4 Minute, 5 Second

देहरादून। उत्तराखंड को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और नए अवसरों की जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधी और सुविधाजनक रेल सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे सुरक्षा, तकनीकी उन्नयन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट मिला है। राज्य में वर्तमान में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस नई रेल सेवा में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसे प्रतिदिन संचालित करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने इसे गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु बताया।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish