मुख्यमंत्री धामी से सविता कपूर की भेंट, पांच वर्ष पूर्ण होने पर दी बधाई
देहरादून। वरिष्ठ समाजसेवी एवं विधायक सविता कपूर ने शनिवार प्रातः प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उनके नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के सफलतम पांच वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बीते पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य ने कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिन्होंने पूरे देश में उत्तराखंड की अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में देश का पहला समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में नया अध्याय लिखा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बनाए गए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कानून ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का कार्य किया है तथा युवाओं का सरकार पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
सविता कपूर ने कहा कि राज्य में अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदम भी जनहित और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने प्रत्येक निर्णय में देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक समरसता और प्रदेशवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, निवेश, पर्यटन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की जनहितकारी योजनाओं और पारदर्शी कार्यशैली ने प्रदेश को विकास की नई दिशा प्रदान की है।
शिष्टाचार भेंट के दौरान सविता कपूर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके सफल कार्यकाल के लिए पुनः शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले वर्षों में भी विकास और सुशासन का नया कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाए रखेगा।
