श्रद्धालुओं को झटका, श्रीखंड महादेव यात्रा पर लगी रोक, टेंट हटाने के आदेश

6
0 0
Read Time:3 Minute, 18 Second

निरमंड। भगवान भोलेनाथ के श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष निराशाजनक खबर है। दुनिया की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शामिल श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा को इस साल आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है। 10 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रस्तावित यात्रा को सुरक्षा कारणों से स्थगित करते हुए जिला प्रशासन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163(1) के तहत अधिसूचना जारी कर दी है।

यात्रा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग वर्तमान में पूरी तरह असुरक्षित है और किसी भी प्रकार से यात्रा योग्य नहीं है। प्रशासन के अनुसार लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मार्ग कई स्थानों पर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका है। साथ ही, वैकल्पिक मार्ग तैयार करना भी फिलहाल संभव नहीं है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन और यात्रा ट्रस्ट किसी भी श्रद्धालु की जान जोखिम में नहीं डाल सकते। इसी के चलते यात्रा मार्ग पर लगाए गए सभी अस्थायी टेंट, शिविर और अन्य व्यापारिक गतिविधियों को तीन दिनों के भीतर हटाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि समुद्र तल से लगभग 18,570 फीट की ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड महादेव की पवित्र शिला तक पहुंचने वाली यह यात्रा देश की सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण धार्मिक यात्राओं में मानी जाती है। हर वर्ष जुलाई माह में 10 से 14 दिनों तक हजारों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्ग पार कर भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि यात्रा पर प्रतिबंध के बावजूद यदि कोई व्यक्ति चोरी-छिपे श्रीखंड महादेव जाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, प्रशासन और बचाव दलों को पूरे यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अनधिकृत आवाजाही को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish