उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 का असर, तीन युवाओं को मिली लाखों रुपये की छात्रवृत्ति

2
0 0
Read Time:4 Minute, 15 Second

देहरादून। उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 का लाभ अब राज्य के युवाओं तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंचना शुरू हो गया है। उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद ने नीति के तहत पहली बार तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान करते हुए उनके बैंक खातों में राशि हस्तांतरित कर दी है। यह पहल राज्य के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन मानी जा रही है, जो देश के प्रतिष्ठित फिल्म संस्थानों से फिल्म निर्माण और टेलीविजन के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता अथवा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति देने का प्रावधान किया गया है। छात्रवृत्ति का लाभ पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि नीति के अनुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पर हुए व्यय का 75 प्रतिशत, जबकि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक सहायता के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को फिल्म एवं मीडिया उद्योग में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस योजना के तहत रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, पुणे से एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स पूरा करने पर 65,682 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। वहीं चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति का भुगतान किया गया है। तीनों विद्यार्थियों ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद का मानना है कि राज्य के युवाओं में रचनात्मक प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 लागू की है, ताकि फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को आर्थिक सहयोग मिल सके।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish