होटल की पांचवीं मंजिल से लिफ्ट टूटकर नीचे गिरी, पांच पर्यटक हुए घायल
ऋषिकेश। बीती देर रात वीरभद्र रोड स्थित एक होटल की पांचवीं मंजिल से लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार फरीदाबाद के पांच पर्यटक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में पर्यटक होटल की पांचवीं मंजिल पर खाना खाने गए थे। भोजन के बाद जब सभी लिफ्ट से ग्राउंड फ्लोर की ओर आ रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वो तेजी से नीचे आ गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि घायल पर्यटक दर्द से कराह रहे थे। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को एम्स पहुंचाया गया।
घायलों में शामिल वरुण कुमार और मनोज सूर्यवंशी ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था, उन्होंने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। उनका कहना है कि एक साथी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। जबकि, दूसरे के हाथ में गंभीर चोट आई है। अन्य दो पर्यटक भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पर्यटकों ने होटल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
