अरविन्द मार्डीकर दूसरी बार हि.स. के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

2fd28dfa83f4b19e9a302219b74112a1
0 0
Read Time:5 Minute, 24 Second

नई दिल्ली, 07 मई। अरविन्द भालचन्द्र मार्डीकर एक बार पुनः हिन्दुस्थान समाचार (हि.स.) बहुभाषी न्यूज एजेंसी के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। बुधवार (06 मई) को नई दिल्ली में हुई हिन्दुस्थान समाचार सहकारी समिति (लि.) की विशेष वार्षिक सभा में उन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार पद्म विभूषण रामबहादुर राय, प्रसिद्ध समाजसेवी रविंद्र मनिलाल संघवी एक बार पुनः निदेशक मंडल के सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

नई दिल्ली स्थित इं.गां.राष्ट्रीय कला केन्द्र के उमंग सभागार में आयोजित हि.स. की विशेष वार्षिक आम सभा इस वर्ष निर्वाचन सभा भी थी। इसमें नए निदेशक मंडल के गठन के साथ ही अध्यक्ष का निर्वाचन भी हुआ। अगले तीन वर्ष के लिए नागपुर निवासी अरविन्द भालचन्द्र मार्डीकर को एक बार पुनः निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया । इससे पहले 2023 में वे पहली बार अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। अगले तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए पद्म विभूषण रामबहादुर राय और रविंद्र मनिलाल संघवी (मुंबई) एक बार पुनः निदेशक मंडल के सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मीडिया सलाहकार अशोक टंडन निदेशक मंडल के नए निर्वाचित सदस्य होंगे। इसके साथ ही पूर्व में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल परेशकांत प्रेम मनोहर मांगलिक (मुंबई) एवं मंगल प्रताप पांडेय (रांची) निदेशक मंडल के सदस्य निर्वाचित किए गए हैं। इंदौर के प्रसिद्ध व्यवसायी कमल कांत वशिष्ठ निदेशक मंडल में नए सदस्य के तौर पर निर्वाचित किए गए हैं। अधिवक्ता व निर्वाचन अधिकारी अजित कुमार ने नियमानुसार निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराई।

एक बार पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने के पश्चात निदेशक मंडल के सभी सदस्यों ने अरविन्द मार्डीकर का अभिनंदन किया। वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय ने उनके पिछले कार्यकाल सहित अब तक की उनकी यात्रा की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने हर चुनौती का सामना करते हुए हि.स. को सर्वोपरि रखा। रविंद्र संघवी ने कहा कि अखंड ऊर्जा से भरे हमारे अध्यक्ष के हाथों में हि.स. का भविष्य सुरक्षित है और यह निरंतर प्रगति पथ पर बढ़ रहा है। निदेशक मंडल के सदस्यों ने अरविन्द मार्डीकर के कार्यकाल के दौरान हि.स. के आर्थिक तौर पर सबल होने, विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान के विस्तार के साथ ही विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा को बढ़ाने के लिए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। धन्यवाद ज्ञापन में अरविन्द मार्डीकर ने इस सबका श्रेय संस्थान में कार्यरत अपने सभी सहयोगियों के परिश्रम और संस्थान के प्रति निष्ठा को दिया।

उल्लेखनीय है कि 2016 में जब हि.स. को सुप्रसिद्ध उद्योगपति और एस.आई.एस.के संस्थापक आर.के.सिन्हा को संचालित करने के लिए सौंपा गया था तब अरविन्द मार्डीकर निदेशक मंडल के सदस्य के तौर पर सम्मिलित हुए थे। मई, 2018 में हुई वार्षिक आम सभा में उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया था। 2020 में कोविड महामारी की बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके पश्चात अप्रैल, 2022 में आर.के.सिन्हा के त्यागपत्र के बाद उन्हें बचे हुए एक वर्ष के कार्यकाल के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया गया । मई,2023 में उन्हें पहली बार अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया था।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish