सीएम धामी ने की 7.56 लाख पेंशनर्स को 111 करोड़ की अप्रैल पेंशन जारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन का भुगतान किया। इस प्रक्रिया के तहत 7,56,682 पेंशनर्स को 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपए की राशि जारी की गई। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएँ शामिल हैं।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के लिए समर्पित है और आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को समाज कल्याण विभाग की पेंशन का लाभ देने के लिए लगातार कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इसी पहल के चलते हर वर्ष लगभग 60 हजार नए लोग समाज कल्याण की पेंशन से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह के बहुउद्देशीय कैम्प आयोजित किए जाएं। साथ ही, प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर उनके आवेदन पत्र और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि वे 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पेंशन योजनाओं सहित विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी एक जगह पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हों।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नवाचार अपनाने के निर्देश भी दिए और कहा कि विभाग समाज कल्याण के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रैक्टिस अपनाकर अन्य विभागों के साथ साझा करे। इसके अलावा, कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से संवाद सुनिश्चित किया जाए।
विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विभाग प्रत्येक जरूरतमंद का ख्याल रख रहा है और पेंशन योजनाओं में पूरी तरह पारदर्शिता बरती जा रही है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
