मां की अंतिम यात्रा में साथ चले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पंचूर से हरिद्वार रवाना हुईं पार्थिव देह
यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 21 नवंबर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह अपनी दिवंगत माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनके पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुए। पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से सुबह 8:57 बजे अंतिम यात्रा ने प्रस्थान किया। मुख्यमंत्री योगी भी अपनी माता की पार्थिव देह के साथ लक्ष्मण झूला-कांडी सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए निकले।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी दिवंगत माता के निधन के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक संस्कृत श्लोक साझा कर मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा और भावनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने लिखा- ‘नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥’ मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को उनकी मां के प्रति गहरे प्रेम, सम्मान और श्रद्धा की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है।
सावित्री देवी का शुक्रवार को पंचूर गांव में निधन हो गया था। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी माता के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पंचूर पहुंचे थे।
