पीपलकोटी टनल हादसा: मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा

3
0 0
Read Time:4 Minute, 11 Second

चमोली। चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और बचाव दलों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने टनल के भीतर जाकर भी राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अभियान में जुटी टीमों से मौके पर स्थिति की जानकारी ली।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके चलते कुछ लोग टनल के भीतर फंस गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटना की स्थिति, अब तक किए गए रेस्क्यू और मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना में अभी तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीमें घायलों का उपचार कर रही हैं तथा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेस्क्यू अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार, प्रभावितों के परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ संचालित करने पर जोर दिया।

इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish