कॉमनवेल्थ में कांस्य जीतकर लौटीं उन्नति शर्मा का देहरादून में भव्य स्वागत

1
0 0
Read Time:2 Minute, 54 Second

देहरादून। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की जूडो की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली उत्तराखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी उन्नति शर्मा का देहरादून पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड सहित देशभर में खुशी और गर्व का माहौल है।

देहरादून स्थित डिफेंस कॉलोनी के डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार ने उन्नति शर्मा का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने खड़े होकर उनका जोरदार स्वागत किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उन्नति शर्मा की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए पदक जीतकर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्नति शर्मा ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से लगातार मेहनत की जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों से उन्नति शर्मा के संघर्ष, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरणा लेने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि उन्नति शर्मा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए और अधिक पदक जीतेंगी तथा विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करेंगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish