पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स संशोधन विधेयक-2026 पारित होने पर सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के करोड़ों मेहनती एवं प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संशोधित कानून सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ-साथ परीक्षा माफियाओं, पेपर लीक गिरोहों और संगठित नकल के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि इससे भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। लोकसभा में इस संशोधन विधेयक का पारित होना इसी संकल्प का प्रमाण है, जिससे देशभर में भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संशोधित कानून लागू होने के बाद देश की परीक्षा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी तथा योग्य और परिश्रमी अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय “नकल मुक्त भारत” के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।
