गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा, संस्कार और उद्देश्य प्रदान करने वाले मार्गदर्शक होते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा—
“गुरु मूरत मुख चंद्रमा, सेवक नयन चकोर।
अष्ट प्रहर निरखत रहूं, श्री गुरु चरनन की ओर।”
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और वह जीवन में सफलता तथा सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर सभी अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें तथा उनके बताए आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें।
