उत्तराखंड में मोबाइल नेटवर्क होगा मजबूत, ऋतु खंडूरी ने जियो अधिकारियों संग की समीक्षा
देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने शुक्रवार को देहरादून स्थित अपने शासकीय आवास पर रिलायंस जियो के चीफ स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट रितेश पांडे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र सहित उत्तराखंड के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी के विस्तार पर जोर दिया गया। नए मोबाइल टावर स्थापित करने, नेटवर्क कवरेज बढ़ाने तथा लोगों को बेहतर दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ऋतु खंडूरी ने कहा कि डिजिटल युग में मजबूत संचार व्यवस्था विकास की आधारशिला है। उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में भी निर्बाध मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया, ताकि आम नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सके।
