केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिले डॉ. धन सिंह रावत, श्रीनगर एलिवेटेड रोड परियोजना को हरी झंडी
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने श्रीनगर में “पंच पीपल” से “स्वीत” तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को भारत सरकार से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
डॉ. रावत ने कहा कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली करीब 8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क श्रीनगर नगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा, वहीं चारधाम यात्रा, स्थानीय जनजीवन, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड की आधुनिक सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. रावत ने प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व एवं निरंतर सहयोग के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
