परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द, राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब बन्नू स्कूल में
देहरादून। कांग्रेस सांसद एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का स्थल बदल दिया गया है। प्रशासन ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की पूर्व में दी गई अनुमति निरस्त कर दी है, जिसके बाद अब यह कार्यक्रम बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। अनुमति रद्द होने के बाद मंगलवार देर रात परेड ग्राउंड के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।
कांग्रेस के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने परेड ग्राउंड को तीन दिनों के लिए बुक कराया था और निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया था। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम से तीन दिन पहले प्रशासन ने अचानक अनुमति रद्द कर दी और वैकल्पिक रूप से बन्नू स्कूल मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। इसके बाद देर रात कार्यक्रम से जुड़े सामान को परेड ग्राउंड से बन्नू स्कूल मैदान पहुंचाया गया।
परेड ग्राउंड के बाहर प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक
अनुमति रद्द होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से परेड ग्राउंड पहुंचे। मौके पर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था और बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर परेड ग्राउंड तक पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक कारणों से कार्यक्रम में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है और 17 जुलाई का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि नगर निगम से अनुमति मिलने के बाद निर्धारित शुल्क भी जमा किया गया था, इसके बावजूद अंतिम समय में अनुमति रद्द कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से घबराई हुई है।
क्या है ‘छात्रों की गूंज’ अभियान?
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर का छात्र संवाद अभियान है, जिसके तहत राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में छात्रों से संवाद कर रहे हैं। अभियान में पेपर लीक, भर्ती घोटाले, शिक्षा की बढ़ती लागत, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। देहरादून में होने वाला यह कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा है और आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस के महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में माना जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन की अनुमति के अनुसार 17 जुलाई को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
