मुख्यमंत्री धामी के चमोली दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कार्यक्रम में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने वीआईपी सुरक्षा, मुख्यमंत्री के मूवमेंट, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, जनसुविधाओं, संचार समन्वय तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और सजगता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और जनता के साथ संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक सदर पौड़ी तपेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग वेद प्रकाश भट्ट सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
