चुक्कुवाला समेत कई क्षेत्रों में मीट दुकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, 40 हजार का चालान
देहरादून। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर नगर निगम देहरादून ने चुक्कुवाला क्षेत्र से प्राप्त शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए मीट की दुकानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। नगर निगम के पशु चिकित्सा अनुभाग ने 10 जुलाई को क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन और गंदगी पाए जाने पर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान चुक्कुवाला स्थित विभिन्न मीट दुकानों की जांच की गई। अभियान में दो थोक मीट विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए, जबकि अन्य दुकानों में स्वच्छता और नियमों के उल्लंघन मिलने पर भी नोटिस की कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने फ्रेश चिकन कॉर्नर में गंदगी और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 40 हजार रुपये के चालान का नोटिस जारी किया। वहीं राहुल चिकन कॉर्नर का भी निरीक्षण किया गया। इस प्रतिष्ठान पर लगभग दस दिन पहले 28 हजार रुपये का चालान किया गया था। पुनः निरीक्षण के दौरान दुकान में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। निगम अधिकारियों ने संचालक को नगर निगम के नियमों के अनुरूप मांस प्रतिष्ठान संचालित करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि नियमों का पालन नहीं करने पर दुकान का संचालन बंद कराने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
इसके अलावा हरिद्वार रोड स्थित एक मीट शॉप, दीपनगर की दो मीट दुकानों तथा अजबपुर कला की एक मीट दुकान में गंदगी मिलने पर 1,500 रुपये का चालान किया गया।
नगर निगम ने बताया कि यह अभियान वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में लगातार चलाया जा रहा है। निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई मीट विक्रेता खुले में अपशिष्ट फेंकता है या नालियों में बहाता है, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें। शिकायत मिलने पर नगर निगम की क्विक रिस्पॉन्स टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
