राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करने वाले उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स को किया सम्मानित

IMG-20260203-WA0704-1536x767
0 0
Read Time:4 Minute, 34 Second

देहरादून 03 फरवरी,2026 । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने लोक भवन में आयोजित एक सम्मान समारोह में गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करने वाले उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।
इस वर्ष उत्तराखण्ड से कुल 172 एनसीसी कैडेट्स ने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड एवं उससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। परेड में उत्तराखण्ड की कैडेट मानसी विश्वकर्मा ने गर्ल कंटिन्जेंट की परेड कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। वहीं 28 जनवरी, 2026 को दिल्ली कैंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री रैली में सीनियर अंडर ऑफिसर कैडेट उत्कर्ष शर्मा ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिविर एवं गणतंत्र दिवस जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में चयनित होना कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह अनुभव जीवन भर प्रेरणा देता है और युवाओं को आत्मविश्वास के साथ देश व समाज के लिए कार्य करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स अपने उत्कृष्ट प्रशिक्षण और अनुशासन के कारण विशेष पहचान रखते हैं।
राज्यपाल ने गर्ल कंटिन्जेंट की परेड कमांडर कैडेट मानसी विश्वकर्मा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्य पथ पर नेतृत्व कर यह सिद्ध किया है कि आज की भारतीय नारी केवल सहभागिता ही नहीं, बल्कि नेतृत्व भी कर रही है। उन्होंने मानसी को उत्तराखण्ड की बेटियों की शक्ति, आत्मविश्वास और सामर्थ्य का प्रतीक बताया।
ड्रोन प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रक्षा मंत्री पदक से सम्मानित कैडेट प्रिंस सिंह राणा की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य की युद्ध तकनीकों, नवाचार और 21वीं सदी की सुरक्षा चुनौतियों के लिए युवाओं की तैयारी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज का युग ड्रोन, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रिसिजन वॉरफेयर का है, और उत्तराखण्ड के एनसीसी कैडेट्स आधुनिक तकनीकों में भी पूरी तरह सक्षम हैं।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी निदेशालय के अधिकारियों ने कैडेट्स की चयन प्रक्रिया से लेकर गणतंत्र दिवस कार्यक्रम तक की समस्त गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने कैडेट्स से संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को मनमोहक बनाया गया।
कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, एडीजी एनसीसी निदेशालय उत्तराखण्ड मेजर जनरल समीर भल्ला, ग्रुप कमांडर एनसीसी मुख्यालय ब्रिगेडियर विकास ढींगरा, नेवल विंग ग्रुप कमांडर नैनीताल कमोडोर बी.आर. सिंह सहित एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish