दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी20 में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया
पर्ल, 28 जनवरी । दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार देर रात ( स्थानीय समयानुसार) पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। जॉर्ज लिंडे की शानदार गेंदबाजी और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मेजबान टीम ने यह जीत आसानी से दर्ज की।
पहले गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने जॉर्ज लिंडे (3/25) के नेतृत्व में अनुशासित प्रदर्शन किया। केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने भी दो-दो विकेट चटकाए, जिससे वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन ही बना सकी। मेहमान टीम के लिए शिमरोन हेटमायर ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि रोवमैन पॉवेल 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान एडेन मार्करम ने 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और नौ चौके शामिल थे। उन्हें युवा ओपनर ल्हुआन-ड्रे प्रिटोरियस (28 गेंदों पर 44 रन) और रयान रिकेल्टन (32 गेंदों पर नाबाद 40 रन) का अच्छा साथ मिला। दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 ओवर में ही 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
