जयसिंहपुर में स्कूल बस पलटी, 18 बच्चे घायल
धर्मशाला, 27 जनवरी । कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर में मंगलवार सुबह सड़क हादसा पेश आया है। यहां शिवनगर में निजी स्कूल बस पलट गई। हादसे में 18 विद्यार्थी घायल हुए हैं। घायलों को खैरा सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। जबकि आठ घायल पालमपुर रेफर किए गए हैं। सभी बच्चे पहाड़ा गांव में स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी आने के बाद स्कूल बस हादसे का शिकार हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि मंगलवार को सुबह के समय स्कूल के बच्चों को ले जा रही बस के पलट जाने से उसमें सवार 18 बच्चों को चोटें आई हैं। घायलों में 10 बच्चों को साथ लगते खैरा स्थित सीएचसी में भर्ती करवाकर उनका उपचार किया गया है। वहीं आठ बच्चों को थोड़ा ज्यादा चोटें आने से उन्हें सिविल अस्पताल पालमपुर भेजा गया है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी बच्चे को बड़ी चोट नही आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
