मेघालय के जल संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा उत्तराखण्ड का प्रतिनिधिमंडल, धारा-नौला संरक्षण को मिलेगी नई दिशा

1
0 0
Read Time:4 Minute, 36 Second

देहरादून। उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) तथा जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय संयुक्त दल मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल वहां जल संरक्षण, सामुदायिक वन प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी सफल पहलों का अध्ययन कर रहा है।

दल में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के वित्तपोषण से संचालित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) के सहयोग से संचालित ‘MEGARISE’ परियोजनाएं प्रमुख हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने MEGALIFE परियोजना के तहत लागू ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस मॉडल के तहत प्राकृतिक वनों के संरक्षण के बदले स्थानीय स्तर पर गठित समितियों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इन समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है। शिलांग के एक गांव की समिति ने इस पहल के माध्यम से 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। साथ ही, सामुदायिक विकास कार्यों के लिए समिति के खाते में लगभग 15 लाख रुपये की धनराशि जमा हो चुकी है।

इस दौरान SARRA के उपनिदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA), फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य बायोचार उत्पादन के साथ उससे अर्जित होने वाले कार्बन क्रेडिट का लाभ सीधे स्थानीय समुदायों तक पहुंचाना है। इस कार्य में कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया। प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री (कृषि वानिकी) तकनीकों का भी अध्ययन किया और इनके व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की व्यवस्था उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। विशेष रूप से चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने और पारंपरिक जल स्रोतों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए इन अनुभवों को अपनाना महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish