अंकिता हत्याकांड: पूर्व विधायक राठौड़ का नहीं होगा नार्को टेस्ट, मेडिकल जांच में हुए अनफिट

5a3222478f27e61215f267148cb7dd49
0 0
Read Time:3 Minute, 16 Second

हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल को लेकर चल रही जांच के बीच बड़ा अपडेट सामने आया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का अब नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं होगा। गुजरात के गांधीनगर स्थित फोरेंसिक लैब में मेडिकल जांच के दौरान उन्हें दोनों परीक्षणों के लिए चिकित्सकीय आधार पर अनफिट घोषित कर दिया गया है।

दरअसल, अंकिता हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल की जांच के सिलसिले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना था। इसके लिए दोनों गांधीनगर पहुंचे थे और पिछले तीन-चार दिनों से वहीं ठहरे हुए थे। 24 नवंबर को फोरेंसिक लैब में परीक्षण से पहले उनकी मेडिकल जांच की गई।

जांच में सुरेश राठौड़ को नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनफिट पाया गया। इसकी पुष्टि उनके बेटे लक्की राठौड़ ने भी की है। उन्होंने बताया कि सुरेश राठौड़ के सिर में क्लॉट होने की बात सामने आई है। गुरुवार को मिली रिपोर्ट में उन्हें मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित किया गया। इसी कारण अब उनका नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं हो सकेगा।

लक्की राठौड़ के मुताबिक, कुछ साल पहले उनके पिता सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। हादसे के बाद सिर में कुछ असामान्य निशान सामने आए हैं। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उन्हें परीक्षण के लिए अनुपयुक्त माना गया है। इसके बाद अब सुरेश राठौड़ गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।

उर्मिला सनावर ने उठाए थे सवाल

गौरतलब है कि नार्को टेस्ट की प्रक्रिया से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौड़ की स्वास्थ्य जांच को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि सुरेश राठौड़ शुगर सहित अन्य बीमारियों का हवाला देकर टेस्ट से बचने की कोशिश कर सकते हैं। उर्मिला ने फेसबुक पर अपनी और सुरेश राठौड़ की तस्वीर साझा करते हुए भी इस मामले पर तंज कसा था।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल को लेकर चल रही जांच के बीच सुरेश राठौड़ का मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित होना अब चर्चा का विषय बन गया है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish