प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में उमड़ा मातृभूमि के प्रति प्रेम, दिग्गज हस्तियों ने साझा किए अनुभव और विचार

7
0 0
Read Time:5 Minute, 39 Second

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों में निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन के दौरान प्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अपने अनुभव, विचार और सुझाव साझा किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और मातृभूमि से जुड़ाव को लेकर अपने विचार रखे।

जन्मभूमि से जुड़ाव ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी : सुधांश पंत
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन केवल भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं है, बल्कि यह राज्य के विकास को गति देने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है।

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव तक तीन वर्ष पहले सड़क पहुंची। इससे अब वह अपने 120 वर्ष पुराने पैतृक आवास का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हम सभी के लिए स्वर्ग के समान है और इसी कारण सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय अपनी जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे।

युवाओं में अपनी पहचान को लेकर बढ़ा आत्मविश्वास : प्रसून जोशी
प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी की भले ही अपनी बोली और भाषा पर पहले की पीढ़ियों जितनी पकड़ न हो, लेकिन अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर उनमें पहले से अधिक आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तराखण्ड के लोग आवश्यकता न होने तक अपनी पहचान जाहिर करने से बचते थे, जबकि आज की युवा पीढ़ी अपनी पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत कर रही है।

उन्होंने इस आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए उत्तराखण्ड सरकार की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कविता की पंक्तियों के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और गौरवशाली पहचान को भी प्रस्तुत किया।
‘ये उत्तराखण्ड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है, ये उत्तराखण्ड का उदय है…’

कर्मभूमि कहीं भी हो, जन्मभूमि उत्तराखण्ड होने पर गर्व : मोहन सिंह बिष्ट
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भले ही हमारी कर्मभूमि देश-दुनिया में कहीं भी हो, लेकिन इस बात का गर्व हमेशा रहेगा कि उत्तराखण्ड हमारी जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोगों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और परिश्रम के बल पर देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

दुनिया में कहीं भी रहें, अपने भीतर का पहाड़ हमेशा जिंदा रखें : चित्रांशी रावत
प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों के भीतर जितनी सरलता होती है, उतनी ही जीवटता और संघर्ष करने की क्षमता भी होती है। उन्होंने कहा कि पहाड़ का व्यक्ति दुनिया में कहीं भी चला जाए, लेकिन अपने भीतर के पहाड़ को हमेशा जीवित रखता है।उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी प्रतिभा को उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की, ताकि वे अपनी क्षमता के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

सम्मेलन में वक्ताओं ने एक स्वर में प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, प्रतिभा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़ने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत और मातृभूमि के साथ निरंतर संबंध बनाए रखने पर जोर दिया।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish