उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि

88d3742f144926957e94488575d12f87
0 0
Read Time:5 Minute, 16 Second

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहनमंत्री नितिन गडकरी और कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की रक्षा में पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए बहादुर पुलिसकर्मियों को सादर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्र की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साहस, बलिदान और अटूट समर्पण को हमेशा गहरे सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने देशभर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवाएं दे रहे सभी पुलिसकर्मियों को भी नमन किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुलिस स्मृति दिवस पर देश के सभी पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध से निपटने, आपात स्थितियों में सहायता पहुंचाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिसकर्मियों के योगदान को अमूल्य बताया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका साहस, अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने मातृभूमि की आन-बान और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देशभक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने राष्ट्र की ओर से शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पुलिसकर्मियों की अमूल्य सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कानून का पालन सुनिश्चित करने के प्रति पुलिसकर्मियों का साहस और समर्पण राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया।

कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सेवा, समर्पण और साहस के साथ मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि वीर जवानों के व्यक्तित्व और बलिदान ने देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतवासी को इन वीर जवानों पर सदैव गर्व रहेगा।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish