IMG-20261020-WA1071-1536x1064
0 0
Read Time:6 Minute, 21 Second

देहरादून,20 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में आईएसबीटी के निकट एक होटल में एचएनएन न्यूज चैनल द्वारा आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रदेश के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार का संकल्प है कि युवाओं को उनकी मेहनत, योग्यता और प्रतिभा के आधार पर रोजगार के अवसर मिलें।
समान नागरिक संहिता महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह समान अधिकारों और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को कानूनी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है तथा भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यह उत्तराखंड के धार्मिक महत्व और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाता है। सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास के पथ पर उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की एकता, अखंडता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उत्तराखंड भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, पर्यटन के विस्तार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish