उत्तराखंड में दो अग्निवीरों को पीएसी में समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवंबर 2026 में सेना से सेवानिवृत्त होने जा रहे अग्निवीरों के पहले बैच के दो जवानों को 40वीं वाहिनी प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) में रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
राज्य सरकार के अनुसार, भारत सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में उत्तराखंड के दो अग्निवीरों के समायोजन की अपेक्षा की गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत सेना में सेवा देने वाले युवा अनुशासन, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना के साथ कौशल एवं अनुभव अर्जित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैन्य सेवा पूरी कर चुके युवाओं को प्रदेश की सेवा करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अग्निवीरों के सैन्य अनुभव, अनुशासन और दक्षता का लाभ राज्य को भी मिले। उन्होंने अग्निवीरों के योगदान को राष्ट्र की अमूल्य पूंजी बताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रयासरत है।
