उत्तराखंड में SIR अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को होगी प्रकाशित
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होना था।
सीईओ ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख 30 हजार नोटिसों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। इसके साथ ही फॉर्म-6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत मामलों की सुनवाई भी पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि SIR अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।
