कठपुतली शो के जरिए स्वच्छ वायु का संदेश, खुले में कूड़ा जलाने से बचने की अपील

4
0 0
Read Time:2 Minute, 57 Second

देहरादून। स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तहत नगर निगम देहरादून की ओर से वायु प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सप्ताह के दूसरे दिन नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून के मार्गदर्शन में Waste Warriors NGO द्वारा कठपुतली शो का आयोजन किया गया।

कठपुतली शो के माध्यम से आमजन को सरल और मनोरंजक तरीके से वायु प्रदूषण के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा प्रदूषण को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से खुले में कूड़ा-कचरा और अन्य सामग्री जलाने से बचने, कचरे का उचित निस्तारण करने, स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण करने तथा सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। बताया गया कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि खुले में कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं वायु गुणवत्ता को प्रभावित करने के साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर डालता है। नागरिकों से अपील की गई कि वे खुले में कूड़ा न जलाएं और आसपास के लोगों को भी ऐसा करने से रोकने के लिए जागरूक करें।

कठपुतली शो के माध्यम से ‘स्वच्छ दून-स्वस्थ दून’ और स्वच्छ वायु के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने वायु प्रदूषण कम करने तथा देहरादून को स्वच्छ और हरित बनाने में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

नगर निगम देहरादून की ओर से स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के दौरान इसी प्रकार की सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish