अतिवृष्टि को लेकर अल्मोड़ा प्रशासन अलर्ट, 2 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
अल्मोड़ा। जिले में अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आपात बैठक बुलाकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने और 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 2 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश भी जारी किए।
जिलाधिकारी ने जिले में संचालित ऐसे सभी निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए, जिनमें किसी भी प्रकार का भू-कटाव या खुदाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्थान पर मलबा आने अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए खोलने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अतिवृष्टि से उत्पन्न किसी भी संभावित स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
