पीएम आवास योजना के तहत दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत

10
0 0
Read Time:4 Minute, 36 Second

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत जरूरतमंद और पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेज कर दिया है। प्रदेश में आगामी दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को अपने पक्के आशियाने की सौगात मिलने की उम्मीद है। आवास विभाग ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक की समयसीमा निर्धारित की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप सरकार पात्र लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रदेश में हजारों गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों को सीधे लाभ मिला है। पात्र परिवारों को अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार अपनी हिस्सेदारी को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने जा रही है।

18 परियोजनाओं में बन रहे 15,496 आवास
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत कुल 18 परियोजनाओं में 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें 768 लाभार्थी रुड़की और 503 हरिद्वार के हैं। उन्होंने बताया कि लंबित आवासीय परियोजनाओं को 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए हैं।

ऊधम सिंह नगर में सबसे ज्यादा 10,200 आवास
योजना के तहत सबसे अधिक 10,200 आवास ऊधम सिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 और गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवास बनाए जा रहे हैं।

हरिद्वार में 4,528 आवासों का निर्माण
हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी (बेलड़ी, रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।

नैनीताल में परियोजना पूरी, देहरादून में भी काम जारी
नैनीताल जिले के उम्मेदनगर (रामनगर) में सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं देहरादून जिले की धौलास हाउसिंग स्कीम में कुल 240 आवासों में से 180 का निर्माण पूरा हो चुका है।

सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के माध्यम से पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish