LAC पर शांति के बिना रिश्तों में सुधार नहीं, भारत-चीन ने सीमा मुद्दों पर की खुली बातचीत
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय कार्य तंत्र यानी डब्ल्यूएमसीसी की 36वीं बैठक नई दिल्ली में हुई। बैठक में दोनों देशों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की स्थिति की समीक्षा की और सीमा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट एवं खुलकर चर्चा की। दोनों पक्षों ने माना कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है।
एलएसी से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान और गलतफहमी से बचने के लिए राजनयिक तथा सैन्य माध्यमों का इस्तेमाल जारी रखने पर सहमति बनी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया) सुजीत घोष ने किया, जबकि चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा एवं महासागरीय मामलों के विभाग की महानिदेशक होउ यानछी ने किया।
