एमडीडीए का अवैध प्लाटिंग पर एक्शन, तीन स्थानों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने देहरादून में तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की और एक निर्माण को सील किया।
कैलाशपुर रोड स्थित मेहुवाला माफी क्षेत्र में करीब चार बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को एमडीडीए की टीम ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित किए गए प्लाटिंग क्षेत्र को बुलडोजर से तहस-नहस किया गया।
वहीं, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर गलोगी धार क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।
इसके अलावा शिमला बाईपास रोड स्थित कारवारी ग्रांट नहर वाली रोड पर करीब 10 से 15 बीघा भूमि में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी एमडीडीए ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा प्राधिकरण की अनुमति के प्लाटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग पर सख्ती बरतने का संकेत दिया है।
