मुख्यमंत्री धामी ने निर्माण श्रमिकों के लिए नई कल्याणकारी योजनाओं का किया शुभारंभ

7
0 0
Read Time:5 Minute, 12 Second

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो अत्याधुनिक मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और नई योजनाएं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने बताया कि “मुख्यमंत्री पोषण योजना” के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता दी जाएगी, जबकि “मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना” के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित “मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम” के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को हाइजीन किट वितरित की जाएगी, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना” के तहत श्रमिक परिवारों के पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर वर्ष 210 बच्चों को प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना” के तहत शुरू की गई मेडिकल मोबाइल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास स्थल पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें पूरी तरह निशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और जांच के बाद तीन माह तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग की सुविधा भी मिलेगी। योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत जनपद से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “श्रमेव जयते” के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की विकासशक्ति मानती है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के साथ ही घर बनाने या खरीदने के लिए आर्थिक सहायता तथा वृद्ध निर्माण श्रमिकों को मासिक पेंशन देकर उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान कर रही है।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों एवं नई योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरियाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह तथा सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish