परीक्षा को उत्सव की तरह लें विद्यार्थी: सीएम रेखा गुप्ता ने साझा किया पीएम मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ मंत्र
नई दिल्ली, 17 फ़रवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह समय वर्षभर के परिश्रम को निखारने का एक सुनहरा अवसर है और विद्यार्थियों को पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट पर अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव की तरह लेने की प्रेरणा दी है। उनका मूल मंत्र “आपका आत्मविश्वास ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है” छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से प्रसन्नचित्त होकर अपनी मेधा का परिचय देने और धैर्य एवं निरंतर प्रयास को अपनी असली शक्ति बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दिल्ली के छात्र अपनी लगन और मेहनत से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
