यमुनोत्री राजमार्ग:बस पर गिरा पत्थर,यात्री सुरक्षित,चालक घायल
उत्तरकाशी, 26 जनवरी । यमुनोत्री राजमार्ग पर डामटा के पास देहरादून से सांकरी जा रही बस पर सोमवार को अचानक पहाड़ी से चट्टान गिर गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस गहरी खाई में गिरने से बच गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना सोमवार को हुई। देहरादून से सांकरी की ओर जा रही बस संख्या यूके-16 पी-0039 यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-123) पर डामटा के समीप अचानक पहाड़ी से गिरती चट्टान से क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार यात्री हिमपात देखने के लिए सांकरी की यात्रा पर थे।
दुर्घटना में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। प्रशासन ने मलबा हटाकर यातायात को आंशिक रूप से सुचारु किया और बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से आगे भेजा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि डामटा क्षेत्र में लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपाय बढ़ाने और नियमित निगरानी की मांग की है।
