मुख्यमंत्री धामी ने दी संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
Raveena kumari November 26, 2021
Read Time:1 Minute, 15 Second
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीI मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा है कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बनाने में भारतीय संविधान की विशेष भूमिका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान में प्रत्येक नागरिक के लिए मौलिक अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। हमें अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के साथ ही देश व समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन भी तत्परता से करना चाहिए। संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान का भाव रखते हुए देश में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखना भी हम सभी का दायित्व है।
