पांच वर्षों में महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा, 3.10 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने पिछले पांच वर्षों में महिला सशक्तिकरण को सामाजिक सुरक्षा के साथ आर्थिक स्वावलंबन और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। सरकारी नौकरियों में आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, स्थानीय उत्पादों के विपणन और बेटियों की शिक्षा के लिए संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
सरकारी सेवाओं और सहकारिता में बढ़ाई भागीदारी
प्रदेश की महिलाओं को सरकारी सेवाओं में अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया है। इसके साथ ही सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था शुरू की गई है। इन पहलों का उद्देश्य रोजगार और सहकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 3 लाख 10 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब तक 5,19,943 महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। इन समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज से स्थानीय उत्पादों को मिला बाजार
महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अम्ब्रेला ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। इससे लगभग 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। वहीं, ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के अंतर्गत महिला समूहों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित सेवाओं के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
नंदा गौरा योजना से बेटियों को आर्थिक संबल
बेटियों के जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियां इस योजना का लाभ उठा चुकी हैं। इसके अलावा मातृ एवं शिशु पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत प्रसव के बाद महिलाओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
राज्य सरकार की इन पहलों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
