जनसुनवाई में 30 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण

8a7738caef77da6a51bfccdb90b3bc0a
0 0
Read Time:5 Minute, 3 Second

हरिद्वार: जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। इस दौरान रावली महदूद निवासी अर्जुन ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की शिकायत करते हुए बिल जमा कराने की मांग की।

वहीं, लक्सर तहसील के ग्राम गंगदासपुर निवासी मांगे पुत्र छोटे, राजवीर पुत्र छजमल और सोमपाल पुत्र गंगाराम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित होने के कारण उन्हें ग्राम फेरूपुर कठिया में विस्थापित किया गया था। अब कुछ लोगों द्वारा उनके आवंटित प्लाटों पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उपराजस्व निरीक्षक से प्लाटों की पैमाइश कराने की मांग की।

सलेमपुर महदूद निवासी चमन चौहान ने होलिका दहन स्थल और विद्यालय के पास संचालित अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने तथा प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर सहित गांव के विभिन्न स्थानों पर फैली गंदगी और कूड़े की समस्या का समाधान कराने की मांग की।

समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी से अतिक्रमण हटवाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, पंकज राणा ने सलेमपुर महदूद की सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में खसरा संख्या 1772 स्थित सरकारी चकरोड पर किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग की।

समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों के निस्तारण के लिए स्थलीय निरीक्षण जरूरी है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों को जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी तथा अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कई जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने समस्याएं रखीं।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish