मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया नवी मुंबई कोऑपरेटिव बैंक का भ्रमण, सहकारी बैंकिंग और आर्थिक सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
मुंबई/देहरादून। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज नवी मुंबई कोऑपरेटिव बैंक का भ्रमण कर बैंक की कार्यप्रणाली एवं सहकारी क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बैंक की अध्यक्ष, निदेशकगण और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सहकारिता के विभिन्न आयामों, बैंकिंग गतिविधियों तथा आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मुंबई और उत्तराखंड सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही सहकारी बैंकिंग, वित्तीय समावेशन, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर आगामी योजनाओं के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के बीच सहकारिता आधारित विकास को प्रोत्साहित करने और जनकल्याणकारी कार्यों को नई गति देने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. धन सिंह रावत ने बैंक की कार्यप्रणाली को समझते हुए सहकारिता के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा आमजन को वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार साझा किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सहकारिता के क्षेत्र में आपसी अनुभवों और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए वित्तीय समावेशन, रोजगार के अवसरों और ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
