राष्ट्र निर्माण में इंदिरा गांधी और सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय: मुख्यमंत्री

8cb67202ecdc08028263415a3718e298
0 0
Read Time:3 Minute, 40 Second

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। उन्होंने भारत के लौह पुरुष एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उन्होंने कहा कि इन दोनों महान नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सुदृढ़ करने में अतुलनीय योगदान दिया है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलवाई।

इस अवसर पर रक्त दान शिविर का आयोजन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी एक असाधारण व्यक्तित्व की धनी नेता थीं, जो अपने साहस, दृढ़ संकल्प और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कड़े निर्णय लेने की क्षमता के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व ने भारतीय इतिहास में एक निर्णायक अध्याय जोड़ा। इस युद्ध के परिणामस्वरूप बांग्लादेश का उदय हुआ और उपमहाद्वीप के भू-राजनीतिक परिदृृश्य में महत्त्वपूर्ण बदलाव आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देशहित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। इनमें बैंकों का राष्ट्रीयकरण, पूर्व रियासतों के शासकों के प्रिवी पर्स की समाप्ति तथा वर्ष 1971 में भूमि स्वामित्व सीमा संबंधी उपायों का कार्यान्वयन प्रमुख हैं। इन निर्णयों का उद्देश्य आर्थिक असमानताओं को कम करना, सार्वजनिक क्षेत्र को सुदृढ़ करना तथा विकास का लाभ समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंचाना था।

मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाने में उनकी निर्णायक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। अनेक चुनौतियों और विरोध के बावजूद सरदार पटेल ने अपनी असाधारण प्रशासनिक क्षमता और राजनीतिक दृढ़ता का परिचय देते हुए हैदराबाद और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न रियासतों को भारतीय संघ के साथ एकजुट करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने एक सशक्त और एकीकृत भारत की नींव रखने में अहम योगदान दिया।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish