हिमाचलः किन्नौर कांग्रेस ने मनाया “काला दिवस”, डीसी कार्यालय के बाहर किया विरोध प्रदर्शन
रिकांग पिओ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर द्वारा भारतीय लोकतंत्र के लिए “काला दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर के कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय, रिकांग पिओ के बाहर धरना-प्रदर्शन कर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
यह कार्यक्रम पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर के पूर्व संगठन महामंत्री अधिवक्ता राम सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं एवं INDIA ब्लॉक के सांसदों द्वारा निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान उनके साथ किए गए व्यवहार के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, संविधान की रक्षा तथा मताधिकार की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सर्वोपरि है तथा चुनावी व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर उचित जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
