चारधाम यात्रा में स्वच्छता अभियान को मिली रफ्तार, अब तक 798 टन कचरा एकत्रित

3
0 0
Read Time:5 Minute, 41 Second

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। मुख्यमंत्री के आह्वान के बाद श्रद्धालुओं में धामों की पवित्रता और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। वहीं, सफाई व्यवस्था से जुड़े विभागों की कार्यप्रणाली में भी बदलाव आया है। नगर पंचायतों और अन्य स्थानीय निकायों के प्रयासों से इस यात्रा सीजन में अब तक चारधाम क्षेत्रों में कुल 798 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। श्री केदारनाथ, श्री बदरीनाथ और श्री गंगोत्री धाम में नगर पंचायत प्रशासन विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे के संग्रहण और निस्तारण का कार्य कर रहा है। वहीं, श्री यमुनोत्री धाम में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है।

केदारनाथ में 32 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित
श्री केदारनाथ धाम नगर पंचायत क्षेत्र में इस यात्रा सीजन के दौरान अब तक 32 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया गया है। इसमें करीब 20 टन प्लास्टिक कचरा शामिल है। इस वर्ष धाम में शहरी विकास विभाग की ओर से एक अतिरिक्त कॉम्पेक्टर मशीन भी स्थापित की गई है। एकत्रित सॉलिड वेस्ट को गौरीकुंड पहुंचाया जा रहा है, जहां से इसे नीलाम किया जाएगा।

केदारनाथ धाम के पैदल मार्ग और सफाई व्यवस्था का प्रबंधन सुलभ इंटरनेशनल द्वारा किया जा रहा है। संस्था की ओर से इस यात्रा सीजन में अब तक 270 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया जा चुका है। इसमें से करीब 6.5 टन प्लास्टिक कचरा रिसाइकिल के लिए भेजा जा चुका है।

बदरीनाथ में 393 टन कचरा एकत्रित
श्री बदरीनाथ धाम में इस यात्रा सीजन के दौरान अब तक 393 टन कचरा एकत्रित किया गया है। इसमें 161 टन सूखा कूड़ा शामिल है। बदरीनाथ नगर पंचायत द्वारा धाम में ही सॉलिड वेस्ट को कॉम्पेक्ट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान अब तक करीब 24 टन प्लास्टिक कचरा अलग किया जा चुका है। एकत्रित प्लास्टिक कचरे में सबसे अधिक मात्रा पानी की बोतलों की है। इस प्लास्टिक कचरे को अब नीलामी के लिए तैयार किया जा रहा है।

गंगोत्री में प्लास्टिक रिसाइकिल से हुई आय
श्री गंगोत्री धाम में यात्रा सीजन के दौरान अब तक 98 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। नगर पंचायत की ओर से 22 टन प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल कर इससे 55 हजार रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है। इसके अलावा कचरे से करीब 2.5 टन खाद भी तैयार की गई है। धाम क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर पंचायत की ओर से प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

यमुनोत्री में 4.85 टन प्लास्टिक कचरे का निस्तारण
श्री यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर अब तक 4.85 टन प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया है। इसमें 1,790 किलोग्राम कचरा जानकीचट्टी बाजार से ग्रामीण बाजार डामटा तक तथा 3,060 किलोग्राम कचरा जानकीचट्टी से खरसाली बाजार क्षेत्र से एकत्रित किया गया है। यहां सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है।

चारधाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान के सकारात्मक परिणामों पर कहा कि चारधाम आस्था और संस्कृति के साथ-साथ हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सरकार चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। चारों धामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक कचरे के रिसाइकिल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता के लिए सरकार के साथ श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सहभागिता को भी आवश्यक बताया।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish