नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग पर कांग्रेस का सत्याग्रह जारी
नई टिहरी। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सत्याग्रह और क्रमिक अनशन जारी है। वीरवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन और सत्याग्रह कर आंदोलन को समर्थन दिया। कहा कि नई टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज बने, इसके लिए कांग्रेस भी प्रतिबद्ध है।
बौराड़ी गणेश चौक पर आयोजित धरना स्थल पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, मुर्तजा बेग क्रमिक अनशन और भाजपा नेता जीतराम भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, राकेश राणा, विजयपाल रावत, देवेंद्र नौडियाल, लखवीर चौहान, नवीन सेमवाल, मुशर्रफ अली, रमेश पेटवाल, रोशन नौटियाल, वीर गुनसोला, आशा रावत, लक्ष्मी रावत, अनीता देवी, प्रवीन भंडारी, वीरेंद्र दत्त, नरेंद्र रमोला, मनोज रावत, महेश जाेशी, पवन सत्याग्रह पर बैठे। वहीं प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी ने धरना स्थल पहुंचकर समर्थन दिया। इसके बाद पत्रकार वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने ही नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया था।
आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की आंतरिक लड़ाई से यह खटाई में पड़ गया है। कहा कि सरकार टिहरी के साथ धोखा कर रही है। यह जनांदोलन भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगा। 2027 में कांग्रेस सरकार बनी तो नई टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके लिए यहां पर्याप्त जगह है। विधायक नेगी ने कहा टिहरी पुलिस की अक्षमता के चलते प्रतापनगर के जणगी गांव से लापता विवाहिता रेशमा देवी का एक माह बाद भी सुराग नहीं लगा। पुलिस मूक दर्शक बनी है। जल्द कार्रवाई न हुई तो प्रतापनगर में भी बड़ा आंदोलन होगा।
