विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’, बाबा की भक्ति से लिया प्रेरणा संदेश
कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कोटद्वार विधानसभा में परम श्रद्धेय बाबा नीम करौरी महाराज के जीवन, साधना और भगवान श्री हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का अवलोकन किया।
इस अवसर पर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि बाबा नीम करौरी महाराज का जीवन सेवा, साधना और भक्ति का अद्भुत संदेश देता है। उनका आध्यात्मिक जीवन और भगवान हनुमान के प्रति अटूट समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का फिल्म के माध्यम से किया गया यह प्रयास सराहनीय है और निश्चित रूप से समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस पावन एवं आध्यात्मिक विषय पर फिल्म के निर्माण के लिए निर्देशक, निर्माता, कलाकारों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म को व्यापक सफलता मिले और इसके माध्यम से बाबा नीम करौरी महाराज के प्रेरणादायी जीवन, सेवा एवं भक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौरी महाराज की शिक्षाएं मानव सेवा, करुणा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती हैं, जिन्हें समाज में व्यापक रूप से प्रसारित करने की आवश्यकता है।
