युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने पर जोर, सीएम धामी ने भारतीय मिशनों से समन्वय बढ़ाने के दिए निर्देश

7
0 0
Read Time:5 Minute, 8 Second

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन देशों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं और जहां कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, वहां की मांग का नियमित आकलन किया जाए। इसके लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा गया। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की आवश्यकताओं के अनुरूप राज्य के युवाओं को कौशल के साथ-साथ आवश्यक भाषा प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि वे वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने होम स्टे के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में भी उत्तराखंड में अपार संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों की राज्य की विशेषताओं और क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जाम्बिया में शिक्षा और कृषि क्षेत्र में अवसर
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में भारतीय युवाओं के लिए कई संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनकी विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को नोट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

जमैका में नर्सिंग और स्वास्थ्य सेवा की मांग
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप उत्तराखंड के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।

इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और फार्मा में संभावनाएं
इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में रोजगार की अनेक संभावनाएं हैं। इसके अलावा फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish