भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन पर देहरादून में 14वीं संयुक्त कार्य समूह की बैठक शुरू
देहरादून। भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को लेकर 14वीं संयुक्त कार्य समूह (JWG) की दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक गुरुवार से देहरादून में शुरू हो गई। 20 और 21 अगस्त को आयोजित इस बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सीमा सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है।
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु कर रही हैं, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले कर रहे हैं।
बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है। दो दिवसीय बैठक में दोनों पक्ष आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर मंथन करेंगे।
